लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: शनिवार को बीएड के एंट्रेंस परीक्षा लिया गया। जहां एक सरकारी शिक्षिका ने प्रश्न पत्र का फोटो खींचने का प्रयास किया। जिसके बाद अन्य छात्र-छात्राओं ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। हंगामे के बीच परीक्षा केंद्र से शिक्षिका फरार हो गई। पुलिस ने मौके से उसका मोबाइल जब्त कर लिया। वहीं मौके पर तैनात दंडाधिकारी ने पुलिस को एफआईआर के लिए आवेदन दिया। बताया जा रहा है कि शनिवार(13 मई) को पूरे राज्य में बीएड का एंट्रेंस एग्जाम आयोजित किया गया था। जिसमें पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय मेदनीनगर के राजकीयकृत बालिका उच्च विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। जहां परीक्षा केंद्र पर मीना नाम की एक सरकारी शिक्षिका कमरा संख्या 11 में पहुंची और एक छात्रा के प्रश्न पत्र का फोटो खींचने का प्रयास किया।
जिसके बाद छात्रों ने जमकर बवाल काटा। मौके पर थाना दंडाधिकारी और पुलिस ने मीना सिंह को कब्जे में ले लिया था। लेकिन मोबाइल जांच करने के दौरान मीना सिंह फरार हो गई। घटना की सूचना पर उपविकास आयुक्त रवि आनंद और सदर एसडीएम राजेश कुमार साह मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षिका की ड्यूटी परीक्षा केंद्र पर नहींं थी, बावजूद इसके वह परीक्षा केंद्र के कमरे में दाखिल हो गई थी।