लाइव पलामू न्यूज/रांची: झारखंड में आतंक का पर्याय बन चुके प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के सुप्रीमो को पुलिस ने नेपाल से धर दबोचा है। उसे पुलिस दिल्ली लेकर आ रही है। नेपाल में दिनेश सरदार की वेशभूषा में रह रहा था। दिल्ली एनआइए व झारखंड पुलिस के संयुक्त अभियान में शनिवार देर शाम दिनेश को गिरफ्तार किया गया। उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार ने दिनेश गोप पर 25 लाख का इनाम घोषित कर रखा है। खूंटी के कर्रा थाना क्षेत्र के लोपा मोरहाटोली निवासी दिनेश गोप की तलाश झारखंड पुलिस के साथ – साथ एनआइए भी कर रही थी। उस पर ठेकेदारों, व्यवसायियों आदि को धमकाकर लेवी वसूलने और उसे निवेश करवाने सहित अन्य आरोप हैं।
टेरर फंडिंग मामले की जांच कर रही जांच एजेंसी एनआइए ने 30 जनवरी 2022 को दिनेश गोप की दोनों पत्नी हीरा देवी, शकुंतला कुमारी को गिरफ्तार किया था। दोनों के खिलाफ लेवी व रंगदारी के पैसों को शेल कंपनियों में निवेश के आरोपों की पुष्टि हो चुकी है। इससे पहले पुलिस ने 10 नवंबर 2016 में रांची के बेड़ो से दिनेश गोप के 25 लाख 38 हजार रुपये जब्त किए थे। जबकि उसके सहयोगियों के पास से 42.79 लाख व करीब 70 लाख की चल अचल संपत्ति जब्त की है। वहीं एनआईए की जांच में दिनेश की दोनों पत्नियों व अन्य परिवारिक सदस्यों के माध्यम 2.5 करोड़ रुपए निवेश की जानकारी भी सामने आ चुकी है।