लाइव पलामू न्यूज/चतरा: जिला के कौलेश्वरी सब जोन भाकपा माओवादी का रिजनल कमांडर इंदल गंझू ऊर्फ ललन गंझू ऊर्फ बढ़न ने पुलिस क्षेत्रीय कार्यालय डोरंडा में आइजी अभियान अमोल वीणुकांत होमकर, झारखंड पुलिस एवं सीआरपीएफ के पदाधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस इसे अपनी बड़ी उपलब्धि मान रही है। दरअसल, अप्रैल माह में चतरा में माओवादियों और पुलिस की बीच हुई मुठभेड़ के बाद कमांडर इंदल गंझू का पटना पुलिस के समक्ष आत्म समर्पण करने की बात सामने आ रही थी। जिसके बाद पुलिस ने गुरुवार को आधिकारिक रूप से सरेंडर करने की पुष्टि की है।
बता दें कि इंदल गंझू के खिलाफ पलामू, चतरा और लातेहार जिलों के अलग-अलग थाने में 100 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। इंदल गंझू के खिलाफ मनातू, हरिहरगंज और नौडीहा बाजार में सर्वाधिक मामले दर्ज हैं। 3 अप्रैल को नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच चतरा के लावालौंग में हुई मुठभेड़ में इंदल गंझू भी शामिल था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। इस मुठभेड़ में भाकपा माओवादी के 5 टॉप कमांडर मारे गए थे। हालांकि उस वक्त इंदल गंझू मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों को चकमा देकर भाग गया था।