लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: विगत माह भवनाथपुर थाना क्षेत्र के कैलान जंगल में लेबर सप्लायर हत्याकाण्ड का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कांडी थाना क्षेत्र के चटनियां सुगवादामर निवासी 22 वर्षीय उमित रजवार पिता सुकन रजवार,24 वर्षीय राजू रजवार पिता रामलाल,25 वर्षीय प्रदीप पाल पिता सीताराम पाल एवं चौबे मझिगांवा निवासी 32 वर्षीय रविन्द्र रजवार पिता बीरबल रजवार के रूप में हुई है।सभी आरोपियों ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। गिरफ्तार अभियुक्त के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल , मृतक के मोबाईल से संबंधित कवर तथा टैम्पर्ड गलास बरामद किया है।
इस बाबत भवनाथपुर थाना परिसर में प्रेसवार्ता करते हुए डीएसपी प्रमोद केशरी ने बताया कि मृतक के भाई जितेन्द्र प्रसाद पिता श्री गोरख साह द्वारा दिये गये लिखित आवेदन के आधार पर भवनाथपुर थाना में प्रथमिकी दर्ज किया गया ।पुलिस अधीक्षक गढ़वा अंजनी कुमार झा के निर्देशानुसार अनुंडल पुलिस पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर के नेतृत्व में काण्ड के उद्भभेदन हेतू एक टीम गठित की गई । टीम के द्वारा विभिन्न जगहों पर छापामारी करते हुए प्रदीप पाल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर 4 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि मृतक लेबर ठेकेदारी का काम करता था और अभियुक्तों को बाहर काम करने के लिए बाहर भेजा करता था। बिरेन्द्र प्रसाद अभियुक्तों को कम मजदूरी भुगतान करता था और दूसरे ठेकेदार के पास काम करने जाने की बात करने पर अभियुक्तों को गाली गलौज, धमकी एवं मारपीट करता था। जिससे अभियुक्त क्षुब्ध होकर बिरेन्द्र की हत्या कर शव को छुपाने के उद्देश्य से भवनाथपुर कैलान जंगल में फेंक दिया।