लाइव पलामू न्यूज: मंगलवार (16 मई) को तड़के सड़क हादसे में असम पुलिस की एसआई जुनमोनी राभा की मौत हो गई। उन्हें लेडी सिंघम के नाम से जाना जाता था। पुलिस के अधिकारियों की माने तो नागांव जिले में कलियाबोर अनुमंडल के जाखलाबंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत सरुभुगिया में महिला पुलिस अधिकारी की कार एक कंटेनर से टकरा गई जिससे उनकी मौत हो गई। वे अपनी निजी कार में अकेली बिना वर्दी के यात्रा कर रही थीं। जूनमोनी मोरीकोलोंग पुलिस चौकी की प्रभारी थीं और अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने के लिए मशहूर थीं। जाखलाबांधा पुलिस थाना प्रभारी पवन कलिता ने बताया कि, “सुबह करीब ढाई बजे सूचना मिलने पर, गश्ती दल मौके पर पहुंची और जूनमोनी को पास के अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।”
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश से आ रहे कंटेनर ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया है। बताया जा रहा है कि इस एक्सीडेंट की सीआईडी जांच करेगी। एक्सीडेंट से कुछ घंटे पहले राभा के खिलाफ जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया था। राभा के परिवार ने साजिश का संदेह जताते हुए दुर्घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।