लाइव पलामू न्यूज/लातेहार: मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची स्थित टीवीएस विद्यालय परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सूबे के 80 उत्कृष्ट विद्यालयों का ऑनलाईन उद्घाटन किया। जिसमें लातेहार जिले के 4 विद्यालय राजकीय +2 उच्च विद्यालय, लातेहार, राजकीय +2 बलिका उच्च विद्यालय, लातेहार, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, लातेहार व मॉडल स्कूल, मनिका शामिल हैं। इन विद्यालयों का संचालन केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अंग्रेजी माध्यम से किया जाएगा। इन स्कूलों में डिजिटल क्लासरूम, डिजिटल बोर्ड, प्रैक्टिकल क्लास रूम, प्ले ग्राउंड, साइंस लैब, पार्किंग सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने इन विद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया का भी शुभारंभ किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन राजकीय कृत +2 उच्च विद्यालय, लातेहार में किया गया। जिसका शुभारंभ विधायक वैद्यनाथ राम, उपायुक्त भोर सिंह यादव व जन प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान राजकीय कृत +2 उच्च विद्यालय, लातेहार की बच्चियों ने सभी अतिथियों का स्वागत स्वागतगान व पुष्प गुच्छ देकर किया। इस कार्यक्रम में जिला स्तर पर विधायक लातेहार, उपायुक्त , जिला परिषद अध्यक्ष, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक ,पंचायत अध्यक्ष सीता मनि तिर्की ,नगर पंचायत उपाध्यक्ष समेत अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मी उपस्थित थें।