लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: मंगलवार को उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने राज्य स्तरीय थांग-टा चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने वाले 8 प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने अपनी पुत्री अंजनी दोड्डे को भी सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि थांग-टा प्रतियोगिता में गोल्ड जीतने वाले प्रतिभागियों में उनकी पुत्री अंजनी भी शामिल है। धनबाद के हीरापुर में आयोजित राज्य स्तरीय थांग-टा चैंपियनशिप में राज्य के 20 से अधिक जिलों ने भाग लिया जिसमें पलामू दूसरे नंबर पर रहा। राज्य स्तरीय चैंपियनशिप जीतने के पश्चात पलामू की टीम रांची में राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में भाग लेगी। थांग-टा मार्शल आर्ट भारत का पारंपरिक खेल है जिसमें तलवार ढाल के अलावे किक का प्रयोग किया जाता है। गोल्ड जीतने पर उपायुक्त ने टीम की कोच सोनामती कुमारी को विशेष बधाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके देख-रेख में ही खिलाड़ियों ने इतना बढ़िया प्रदर्शन किया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया साथ ही सभी को रांची में होने वाले राष्ट्रीय थांग-टा चैंपियनशिप में भाग लेने के लिये ऑल द बेस्ट कहा।