लाइव पलामू न्यूज: गुरूवार को दंगल गर्ल’ गीता फोगाट ने ट्वीट करते हुए दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘मैं अपने पति पवन सरोहा के साथ दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे अपने भाई-बहनों से मिलने जा रही थीं। इसी दौरान करनाल बाइपास पर दिल्ली पुलिस ने हमें रोक लिया। इसके बाद हमें थाना ले जाया गया। जहां हमें कहा गया कि हमारे पास दो ही रास्ते हैं या तो वापस जाएं या फिर पुलिस के घर जाएं। इसके बाद हमें गिरफ्तार कर लिया गया। ये बहुत ही दुखद है।’

हालांकि पूरे मामले में अभी तक दिल्ली पुलिस की ओर से कोई जानकारी सामने नहीं आई है। उल्लेखनीय है कि, बुधवार रात को जंतर मंतर पर हुए बवाल के बाद पहलवानों में काफी गुस्सा है। पहलवानों का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने बुधवार रात को धरना दे रहे पहलवानों के साथ मारपीट की। जिससे कि कुछ पहलवानों के सिर में चोटें भी आई हैं। इस घटना के बाद विनेश फोगाट ने ऐलान किया कि पहलवान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीते हुए सभी मेडल लौटाएंगे। विनेश फोगाट ने कहा, हमें अपमानित किया जा रहा है, जमीन पर घसीटा जा रहा है। हम अपने सभी मेडल लौटा देंगे। वहीं, बजरंग पूनिया ने कहा, अगर ऐसे ही सम्मान हुआ, तो हम मेडल का क्या करेंगे?? हम वो मेडल लौटा देंगे भारत सरकार को।’ वहीं महावीर फोगाट ने भी द्रोणाचार्य अवार्ड वापस लौटाने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, अगर खिलाड़ियों को न्याय नहीं मिला तो मैं भी द्रोणाचार्य अवार्ड लौटा दूंगा।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *