लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां एक सात वर्षीय अबोध बच्ची के साथ 45 वर्षीय मुंहबोले मामा ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और छानबीन शुरू कर दी है। दूसरी ओर पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भेज दिया है। पूरे मामले में पीड़िता के पिता ने पुलिस को आवेदन दिया है। पीड़िता के पिता के अनुसार, आरोपी विजय तिवारी पीड़िता में घर पर दूध देने जाता था।
घटना के वक्त पीड़िता बच्चों के साथ खेल रही थी, इसी क्रम में विजय वहां पहुंचा और बच्ची को किसी तरह फुसला कर एक निर्माणाधीन घर में ले गया। जहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता के पिता काम से घर पर लौटे तो उन्होंने बच्ची की खोजबीन शुरू की। तब परिजनों ने बताया कि बच्ची खेलने गई है। इसके बाद वह वहां पहुंचे। पूछताछ करने पर पता चला कि उसे दूध बेचने वाला निर्माणाधीन घर के पास ले गया है। जहां से बच्ची के पिता ने उसे बरामद किया और घर ले गए।जहां बच्ची ने परिजनों को पूरी कहानी बताई। जिसके बाद परिजनों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।