लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: शुक्रवार को जिले के रेहला थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिसके बाद महिला के शव को छोड़ उसके परिजन मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम क लिए एमएमसीएच भेज दिया। मृतका की पहचान सुरभी देवी पति मंजीत कुमार के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को ही सुरभी की मौत हो गई थीः उसके बाद भी पति और परिजन उसे देर रात गढ़वा में एक डॉक्टर को दिखाने ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजन सुरभि के शव को लेकर घर पहुंचे और शव घर में रख कर फरार हो गए। वहीं पुलिस ने जब शव की जांच की तो महिला के गले में गहरे जख्म के निशान पाए हैं।
घटना की पुष्टि करते हुए रेहला थाना प्रभारी नेमधारी रजक ने बताया कि मृतका के परिजन फरार हैं। फिलहाल पुलिस छानबीन में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। घटना की सूचना पर सुरभि के मायके वाले(सेमराही, चतरा) पलामू पहुंचे। उन्होंने सुरभी के पति एवं अन्य परिजनों पर गला घोट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि सुरभी की शादी कुछ वर्ष पहले रेहला थाना क्षेत्र के रहने वाले मंजीत कुमार के साथ की थी। उसका पति अक्सर शराब के नशे में उससे मारपीट करता था और प्रताड़ित किया करता था। लेकिन हर बार वह चुप रह जाती। इस बार उसने सुरभी को मार ही डाला।