गढ़वा : रविवार को जिले के रंका थाना क्षेत्र के चुतरू पंचायत अंतर्गत बांदु गांव के पास तीन टेंपो आपस में टकरा गई जिससे दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक 10 माह के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां सहित चार लोग घायल हो गएं। मृतक मासूम की पहचान दिनेश भुइयां के पुत्र के रूप में हुई है।

घायलों में उसकी मां दिलवंती देवी, कईल माझी, उसकी पत्नी कबुदारी देवी और नुरशाद अंसारी शामिल हैं। सभी घायल चुतरू गांव निवासी है। सभी को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हादसे में तीनों टेंपो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि उनके चालक बाल-बाल बच गए।

बताया जा रहा है कि तीनों टेंपो चुतरू गांव से सवारियों को लेकर गोदरमाना बाजार की ओर जा रहे थे। तेज रफ्तार और ओवरटेक करने की होड़ में एक टेंपो ने दूसरे को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रही तीसरी टेंपो भी दोनों वाहनों से टकरा गई और तीनों वाहन सड़क पर ही पलट गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि 10 माह के मासूम बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं घटना में चार लोग घायल हो गएं। घटना की सूचना पर रंका पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *