मेदिनीनगर : नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू) का 17वां स्थापना दिवस विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में भव्य, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का संयुक्त मंच संचालन डॉ. भावना सिंह एवं डॉ. संजय बाड़ा ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भौतिकी विभाग के सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ. के.के. मिश्रा रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद नीलांबर–पीतांबर के चित्र पर माल्यार्पण एवं नमन के साथ हुई। इसके पश्चात दर्शनशास्त्र विभाग के डॉ. पुरन साव के नेतृत्व में मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की गई। विश्वविद्यालय का कुलगीत जीएलए कॉलेज के बीएड विभाग द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

मुख्य अतिथि का सम्मान डॉ. संगीता कुजूर द्वारा शॉल, विश्वविद्यालय का प्रतीक चिन्ह एवं पौधा भेंट कर किया गया। स्वागत भाषण में डीएसडब्ल्यू डॉ. एस.के. पांडेय ने मुख्य अतिथि डॉ. के.के. मिश्रा, कुलपति डॉ. दिनेश कुमार सिंह, कुलसचिव डॉ. नफीस अहमद सहित सभी आगंतुकों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय 16 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा पूरी कर चुका है। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण है।

छात्रहित सर्वोपरि : कुलसचिव

उन्होंने छात्रहित को सर्वोपरि बताते हुए सत्र नियमित करने, समय पर नामांकन, परीक्षा एवं परिणाम सुनिश्चित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी तथा पीजी फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा फरवरी माह में आयोजित करने की बात कही। अपने संबोधन में कुलसचिव डॉ. नफीस अहमद ने कहा कि अल्प समय में ही एनपीयू 50 महाविद्यालयों के साथ एक वृहद विश्वविद्यालय के रूप में स्थापित हो चुका है।

 

नए डिग्री कॉलेजों में नामांकन प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा। विद्यार्थियों को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि नौ टॉपर विद्यार्थियों को नए डिग्री कॉलेजों में पदस्थापित किया गया है, जबकि गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को अवसर देने के लिए सूची जारी की गई है।

 

यूजीसी मानकों के अनुरूप कार्य, सोलर ऊर्जा की पहल तथा विश्वविद्यालय अंतर्गत विभिन्न कॉलेजों की प्रगति की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुलपति डॉ. दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। मुख्य अतिथि डॉ. के.के. मिश्रा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य असत्य से सत्य और अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाना है। पलामू की धरती शहीदों और क्रांतिकारियों की भूमि रही है।

जल्द सत्र होगा पूरी तरह नियमित : दिनेश सिंह

कुलपति डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने शहीद नीलांबर–पीतांबर को नमन करते हुए सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को सुदृढ़ बनाने के लिए शिक्षण, अनुसंधान एवं प्रशासन—तीनों स्तरों पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बहुत जल्द सत्र को पूरी तरह नियमित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान तीन पुस्तकों का लोकार्पण किया गया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां हुईं तथा प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए।

ये रहे उपस्थित:

इस अवसर पर कुलपति डॉ. दिनेश कुमार सिंह, कुलसचिव डॉ. नफीस अहमद, डीएसडब्ल्यू डॉ. एस.के. पांडेय, सीसीडीसी डॉ. मनोरमा सिंह, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, विश्वविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *