लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: सोमवार देर रात नशे के लिए तीन युवकों ने टेम्पो चालक से लूट पाट की थी। घटना के कुछ घंटे के भीतर ही तीन में से दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा, 8 एमएम की एक गोली, मोटरसाइकिल और 455 रुपये नकदी बरामद किए। मंगलवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस संबंध में मेदिनीनगर शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवव्रत पोद्दार ने बताया कि 11 नवंबर की रात आठ बजे टेम्पो चालक राजू चन्द्रवंशी के साथ कांदू मुहल्ला रामनगर में रोककर 650 रूपये लूटपाट की गई थी। इस संबंध में शहर थाना में मामला दर्ज कराया गया था। जिसके बाद मंगलवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर रामनगर रेलवे ऑफिस के समीप लूटकांड के दो अपराधी पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सन्नी कुमार (20) एवं शुभम कुमार (22) रामनगर कांदू मुहल्ला निवासी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान सन्नी के पास से एक देशी कट्टा एवं गोली जबकि शुभम के पास से लूटे गए 455 रुपये बरामद किए गए। वहीं लूट में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की गयी। पूछताछ में अपराधियों ने कांड में संलिप्तता स्वीकार की है। थाना प्रभारी ने कहा कि दोनों का आपराधिक इतिहास अब तक नहीं मिला है। नशे के लिए उन्होंने लूटपाट की थी।
