चौथे दिन भी नकली मिठाई पर एसडीएम की कार्रवाई 

गढ़वा : शुक्रवार को लगातार चौथे दिन शहर में नकली, मिलावटी या दोयम दर्जे की मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री को लेकर एसडीएम सदर संजय कुमार की सघन कार्रवाई जारी रही। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों के यहां पहुंचकर सड़ी गली, बदबूदार या प्रथम दृष्टया निम्न गुणवत्ता वाली मिठाइयों को मौके पर फेंकवाया । वहीं अमन प्लास्टिक के मलिक अमन केसरी के अग्रवाल मोहल्ला स्थित आवास से लगभग दो कुंटल नकली खोवा के पेड़े एवं अन्य मिठाइयां जब्त करते हुए उन्हें नगर परिषद को विनष्ट करने के लिए सौंप दिया।

जांच के दौरान मेन रोड स्थित अग्रवाल मोहल्ला में व्यवसायी अमन केसरी के परिसर से 9 बड़े कार्टूनों में करीब 2 कुंटल नकली मिठाई बरामद की गई। प्रथम दृष्टया यह मिठाई अत्यंत निम्न गुणवत्ता की पाई गई, जिसमें अधिकांश नकली खोये से बने पेड़े शामिल थे। पूछताछ में व्यवसायी ने इनकी कीमत ₹100 प्रति किलो बताई। सिर्फ ₹100 किलो में एक किलो पेड़ा मिलने की बात पर एसडीएम ने हैरानी जताते हुए संबंधित कारोबारी को फटकार लगाते हुए कहा कि पैसे के लिए वे लोगों की सेहत के साथ मजाक न करें।

पूछताछ में व्यवसायी अमन केसरी ने स्वीकार किया कि ये मिठाइयाँ उन्होंने शेरघाटी क्षेत्र से बिना किसी वैध चालान या दस्तावेज के मंगवाई थीं। जब उनसे फूड लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया, तो उन्होंने बताया कि उनके पास कोई फूड लाइसेंस नहीं है, क्योंकि वे मूलतः ‘अमन प्लास्टिक’ के नाम से प्लास्टिक का कार्य करते हैं।

इस पर एसडीएम ने फूड सेफ्टी ऑफिसर को निर्देश दिया गया कि वे इस प्रतिष्ठा के साथ-साथ ऐसे अन्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि गढ़वा जिले में लगातार खाद्य पदार्थों में मिलावट और अवैध कारोबार के मामले सामने आ रहे हैं, जो यह दर्शाता है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन यहां सही तरीके से नहीं हो रहा है। उन्होंने नगर परिषद, स्वास्थ्य विभाग तथा खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से जांच अभियान चलाएँ ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने कहा, “आज अधिकांश बीमारियाँ खाने-पीने की वस्तुओं से उत्पन्न हो रही हैं। नकली खाद्य सामग्री लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *