लाइव पलामू न्यूज/ मेदिनीनगर : पलामू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रानीताल डैम के पास से एक बड़ी डकैती की योजना को नाकाम करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, पुलिस को 30 मार्च को रात करीब 9 बजे सूचना मिली कि रानीताल डैम के पास कुछ लोग डकैती की योजना बना रहे हैं।

जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार पुलिस टीम का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो बाइक और कुछ संदिग्ध लोगों को देखा जो पुलिस को देखते ही भागने लगे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को पकड़ लिया, जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान चैनपुर के लादी गांव निवासी पुरुषोत्तम कुमार उर्फ छोटू (33), सतीश कुमार चंद्रवंशी (22) और प्रयागराज के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के लाल कपूरवा निवासी शत्रुघ्न पांडे (47) के रूप में हुई है। वहीं लादी के बैजनाथ चंद्रवंशी और मोनू नाम का एक व्यक्ति फरार हो गए।

पुलिस ने अपराधियों से एक देसी कट्टा, दो गोली, चार मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी दो बाइक बरामद की हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे लोग मेदिनीनगर में एक सोना दुकान में डकैती की योजना बना रहे थें। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *