मेदिनीनगर : बुधवार को पाटन मुख्य बाजार में दो बाइक की आमने सामने टक्कर में एक बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए। जिसमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक युवक को हल्की चोटें आई हैं। घायलों की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के सतहे गांव निवासी कृष्णा राम के पुत्र मृत्युंजय कुमार (25), छतरपुर थाना क्षेत्र के लठेया गांव निवासी आकाश कुमार और विवेक कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, मृत्युंजय बुधवार सुबह आकाश और विवेक के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर तसउआ गांव अपनी बहन के घर जा रहा था। इसी दौरान पाटन मुख्य बाजार के पास उनकी बाइक की एक अन्य बाइक से आमने–सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान भी मृत्युंजय कुमार और विवेक कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है जिनका इलाज चल रहा है।