LIVE PALAMU NEWS DESK : मनोरंजन जगत से बेहद दुखद घटना सामने आई है। जहां शुक्रवार देर रात कांटा लगा गाने से फेमस हुई अभिनेत्री सह मॉडल शेफाली जरीवाला का 42 वर्ष की आयु में निधन हो गया। एक्ट्रेस को 27 जून की रात दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद वे नहीं रही।

रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें उनके हसबैंड और एक्टर पराग त्यागी तुरंत हॉस्पिटल ले गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शेफाली के अचानक इस तरह से दुनिया छोड़कर जाने की वजह से मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका शव रात लगभग 12:30 बजे अंधेरी स्थित कूपर अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

उनकी निधन की ख़बर से मनोरंजन इंडस्ट्री और फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। इसी बीच, मुंबई पुलिस देर रात शेफाली के अंधेरी स्थित घर पर जांच के लिए पहुंची। जहां फॉरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद रही और घर की गहन तलाशी ली गई।

करियर :

वर्ष 2002 में कांटा लगा गाने से रातोंरात फेमस हुई शेफाली ने अक्षय कुमार और सलमान खान के साथ साल 2004 की फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में भी नजर आई थीं। वहीं उन्होंने चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस 13 में हिस्सा लिया। इसके अलावा उन्होंने नच बलिए समेत कई रियलिटी शोज में हिस्सा लिया था। वे अपने डांस को लेकर भी फैंस के बीच काफी लोकप्रिय थीं।

सिंगर मीका सिंह ने शेफाली को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ‘मैं बहुत शॉक्ड और दुखी हूं, हमारी प्यारी स्टार और एक अच्छी दोस्त हमें छोड़कर चली गई।’

वहीं सिंगर राहुल वैद्य ने अपने इंस्टा स्टोरी पर एक्ट्रेस की फोटो लगाकर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ‘रेस्ट इन पीस शेफाली आप हमें बहुत जल्दी छोड़कर चली गईं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *