लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : जिले से बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है । जहां पलामू के पाटन थाना क्षेत्र के निमियां में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों में हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति को गोली मार दी गयी। जिससे व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है।
गोली धीरेंद्र सिंह नामक व्यक्ति को मारी गयी है। गोली मारने का आरोप गांव के ही विजय कुमार सिंह पर लगा है। घायल धीरेंद्र सिंह को परिजन एमएमसीएच ले गये। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने रिम्स रेफर कर दिया।
इधर घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने आरोपी विजय कुमार सिंह और झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह उर्फ चिंटू सिंह को हिरासत में लिया है।

क्या है मामला:-
बताया जा रहा है कि रविवार को झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष रंजीत सिंह उर्फ चिंटू सिंह द्वारा होली के अवसर पर निमियां विद्यालय परिसर में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग अपने-अपने घर चले गये। इसी दौरान रात के करीब 10 बजे विजय और रंजीत उर्फ चिंटू सिंह धीरेंद्र के घर पर पहुंचे और विजय ने उनको गोली मार दी। इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि पहले से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था।