COFEE WITH SDM GARHWA : बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने साप्ताहिक कार्यक्रम “कॉफी विद एसडीएम” में गढ़वा अनुमंडल क्षेत्र की रामनवमी अखाड़ा समितियों के साथ अनौपचारिक संवाद किया। इस कार्यक्रम में दो दर्जन अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अपने सुझाव व समस्याएं साझा कीं।

एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि यह पूरी तरह से अनौपचारिक वार्ता है, जिसमें सभी खुलकर अपने विचार रख सकते हैं। उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों को रामनवमी को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की और आश्वस्त किया कि प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी तरह से चाक-चौबंद रहेंगी।
इस बैठक में श्री रामनवमी पूजा महा समिति, मां भवानी अखाड़ा, जय भारत अखाड़ा टंडवा, झुग्गी झोपड़ी अखाड़ा रंका मोड़, श्री राम दल चिरौंजिया, श्री राम मंदिर टंडवा, व्यवसायी संघ अखाड़ा, श्री राम मंडली, जय मां शायर देवी अखाड़ा मेराल, कसेरा समिति, महाराणा प्रताप अखाड़ा, गौ सेवा मित्र मंडली, रामनवमी समिति खरसोता मझिआंव सहित अन्य समितियों के प्रतिनिधि मौजूद थें।
इस बैठक में मुख्य मार्गों पर मांस-मछली की दुकानें बंद रखी जाएगी अथवा दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की गई। वहीं भारी वाहनों का प्रवेश दोपहर से शाम तक रोकने, सड़कों पर 10 दिन तक नियमित रूप से पानी का छिड़काव किये जाने, सार्वजनिक शौचालय व पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने समेत अनुमन्य सीमा में ध्वनि विस्तारकों के प्रयोग की अनुमति की मांग की गई। वहीं डीजे के उपयोग पर प्रतिबंध का पालन करने की भी मांग की गई।
इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत, सड़कों पर जर्जर बिजली के पोल व झूलते तारों को हटाने, पर्व के दौरान स्ट्रीट लाइटें ठीक कराए जाने, मुख्य मार्ग पर डिवाइडर से जमा धूल हटाने के लिए नगर परिषद को निर्देश दिए जाने की भी बात कही गई।
वहीं प्रशासन द्वारा उन चार सर्वश्रेष्ठ अखाड़ों को पुरस्कृत करने की भी बात कही गई जो कम तीव्रता वाली कर्णप्रिय ध्वनि का उपयोग करेंगे।
इस दौरान एसडीएम ने अखाड़ों से डीजे और लाउडस्पीकर को आपसी प्रतियोगिता का हिस्सा न बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रतियोगिता सबसे मधुर और कर्णप्रिय ध्वनि का उपयोग की की जाए। उन्होंने बिना लाइसेंस वाले अखाड़ों से नियमानुसार लाइसेंस लेने की अपील की। वहीं रामनवमी के दृश्यों को सोशल मीडिया (फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब) के माध्यम से प्रचारित करने की सलाह दी। वहीं किसी भी भड़काऊ या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली पोस्ट से बचने की सलाह दी।