लाइव पलामू न्यूज: यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) की अनुशंसा पर झारखंड में गैर असैनिक सेवा संवर्ग के 6 अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत करने का निर्णय लिया गया है। यूपीएससी ने इस सेवा के 21 अधिकारियों का इंटरव्यू लिया था। जिसमें से 6 अधिकारियों को आईएएस में पदोन्नत करने का निर्णय लिया।

चुने गए अधिकारियों में महिला एवं बाल विकास विभाग की कंचन सिंह, सीता पुष्पा, और प्रीति रानी (बाल विकास परियोजना पदाधिकारी), ऊर्जा विभाग के मुख्य अभियंता विजय कुमार सिन्हा, और श्रम एवं नियोजन विभाग के धनंजय कुमार सिंह एवं लाल राजेश प्रसाद का नाम शामिल हैं।
इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यूपीएससी की अनुशंसा को मंजूरी देते हुए इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। इसके बाद, राज्य के कार्मिक विभाग ने यूपीएससी और भारत सरकार के कार्मिक मंत्रालय को इसकी जानकारी भेज दी है। अब भारत सरकार की अधिसूचना जारी होने के बाद इन अधिकारियों को आईएएस के रूप में नई जिम्मेदारियां सौंप दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि झारखंड में आईएएस के कुल 224 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से लगभग 40 पद वर्तमान में रिक्त हैं। इन रिक्तियों के कारण कई विभागों में अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार संभालना पड़ रहा है।