मेदिनीनगर : अवैध शराब के खिलाफ बिहार-झारखंड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। निकाय चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र से 850 पेटी अवैध शराब जब्त की गई है। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में भी लिया है। जिसमें एक आरोपी बिहार के छपरा जबकि दो हरियाणा निवासी हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है।

दरअसल, बिहार और झारखंड पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ पलामू में जाल बिछाया था। जिसमें मेदिनीनगर टाउन थाना की पुलिस भी शामिल थी। इसी दौरान मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के सद्दीक मंजिल चौक पर एक ट्रक को रोका गया। जिसमें कोयला पाउडर के अंदर शराब की पेटियों को छुपाकर रखा गया था।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पंजाब के मोहाली में शराब को ट्रक पर लोड किया गया था। बाद में ट्रक को करनाल, चित्रकूट और छत्तीसगढ़ होते हुए झारखंड के पलामू लाया गया था। डाल्टनगंज में शराब की खेप की डिलीवरी होने वाली थी। जब्त की गई शराब कीमत लगभग 70 लाख रुपए आंकी गई है। हिरासत में लिए गए तस्करों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि शराब की खेप पहुंचाने के लिए उन्हें तीन लाख रुपए मिले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *