मेदिनीनगर : पुलिस ने सतर्कता से बड़े अपराध को टाल को होने से पहले ही टाल दिया है। दरअसल, सरकारी स्कूल का 55 वर्षीय पारा शिक्षक स्कूल की रसोइया के साथ अनैतिक संबंध बनाना चाहता था। जिसके लिए पारा शिक्षक लगातार रसोइया पर दबाव बना रहा था। जिसके बाद रसोइया ने मामले की जानकारी अपने पति को दी थी।

जिसके बाद पारा शिक्षक और रसोइया के पति के बीच बहस हुई। जिसके बाद पारा शिक्षक ने रसोइया के पति की हत्या की योजना तैयार की। पारा शिक्षक शूटरों के साथ रसोइया के पति की हत्या करने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिल गई। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए हत्या करने जा रहे पारा शिक्षक और शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपितों की पहचान पारा शिक्षक सत्यदेव विश्वकर्मा और शूटर राजवंश परहिया, राजू साव और मंटू कुमार परहिया के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा, दो जिंदा गोली और दो चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार सभी आरोपी पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के सिलदिली के कुंडौली के रहने वाले हैं।
इस संबंध में एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि पारा शिक्षक सत्यदेव विश्वकर्मा ने 40 हजार रुपये देकर हत्या की योजना बनाई थी। जिसके तहत शूटर राजवंश परहिया रसोइया के पति को गोली मारने वाला था, जबकि अन्य आरोपी चाकू से हमला करने वाले थे। पारा शिक्षक सत्यदेव विश्वकर्मा झोलाछाप डॉक्टर का भी कार्य करता है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार पारा शिक्षक रसोइया पर लगातार दबाव बना रहा था। दरअसल, पारा शिक्षक सत्यदेव विश्वकर्मा का इलाज करने के दौरान उसका राजवंश परहिया से परिचय हुआ था। एसपी ने बताया कि आरोपी राजवंश परहिया पहले भी डकैती के मामले में जेल जा चुका है और उसकी उम्र 50 से अधिक है।