मेदिनीनगर : जिले के पाटन थाना क्षेत्र के हिसरा बरवाडीह गांव में जंगली फल खाने के बाद सात बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बीमार बच्चों में ढाई वर्षीय सलोनी कुमारी, 4 वर्षीय सृष्टि कुमारी पिता रोहित भुइंया, 5 वर्षीय प्रीतम कुमार, विषमय कुमार (3वर्ष) पिता विशाल भुइंया के अलावा 3 और बच्चे शामिल हैं।

घटना के बाद आनन फानन में विशाल और रोहित बच्चों को इलाज के लिए लेकर एमएमसीएच पहुंचे। वहीं अन्य तीनों का इलाज मेदिनीनगर के निजी अस्पताल में चल रहा है। सभी की हालत बेहतर बताई जा रही है।
दरअसल, मंगलवार की दोपहर सभी बच्चे परिजनों के साथ धान के खेत में गए थें। जहां खेलते वक्त उन्होंने पास लगे जंगली पौधे का फल (बकडेरा) खा लिया, जिसके करीब आधे घंटे बाद एक-एक कर सभी बच्चे बेहोश होने लगे। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तुरंत बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे।
डॉक्टरों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और निगरानी में हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले पर नजर बनाए हुए है।