मेदिनीनगर : सोमवार को पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव द्वारा विश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का नियमित निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, संसाधनों की उपलब्धता एवं कर्मियों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन ने सबसे पहले सीएचसी में पदस्थापित स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति पंजिका की जांच की। इस दौरान कर्मियों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई। उन्होंने कार्यरत कर्मियों को समय पर ड्यूटी एवं मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने का निर्देश दिया। दवा भंडार (ड्रग स्टोर) की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई, जहां दवाओं की उपलब्धता एवं रख-रखाव को संतोषजनक बताया गया। आवश्यक दवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही बीपीएचयू (ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट) को खोलने की संभावना पर भी चर्चा की गई, ताकि क्षेत्र में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जा सके।निरीक्षण के दौरान एमटीसी (माल न्यूट्रिशन ट्रीटमेंट सेंटर) में भर्ती कुल 10 बच्चों की स्थिति की जांच की गई। सभी बच्चों का वजन (डब्लूटी) मापा गया, जो संतोषजनक पाया गया। सिविल सर्जन ने बच्चों के पोषण एवं देखभाल पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। एक्स-रे विभाग के निरीक्षण में सिस्टम की आवश्यकता पाई गई, जिस पर सिविल सर्जन ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को जांच के लिए बाहर न जाना पड़े। स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई। उन्होंने इसे निरंतर बनाए रखने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सिविल सर्जन ने स्टाफ को री-रेशनलाइज्ड पोस्टिंग के तहत कार्य विभाजन एवं ड्यूटी प्रबंधन दुरुस्त करने का निर्देश दिया, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी बन सकें।निरीक्षण से स्वास्थ्य कर्मियों में कार्य के प्रति जिम्मेदारी और सतर्कता का संदेश गया।

 

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *