खलारी (रांची)।
रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर खलारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने कथित तौर पर पहले अपनी प्रेमिका को गोली मार दी, फिर घर जाकर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना खलारी स्थित केडीएह ग्राउंड के पास की बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह युवक ने अपनी प्रेमिका को वहां रोका। दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई, हालांकि बातचीत के विषय का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।

इसी दौरान युवक ने अचानक लड़की पर गोली चला दी। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद युवक मौके से फरार हो गया और सीधे अपने घर पहुंचा। वहां उसने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय सूत्रों और पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि युवक ने घटना से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की सूचना मिलते ही खलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं युवती के बयान का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी। इस सनसनीखेज घटना के बाद खलारी क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। #लाइव पलामू न्यूज
#livepalamu