मेदिनीनगर : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय समिति सदस्य सह उपाध्यक्ष सन्नू सिद्दीकी ने भाजपा की पूर्व महापौर अरुणा शंकर के हालिया बयान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा किए जा रहे धरना-प्रदर्शन को चुनावी नौटंकी बताया है।

उन्होंने कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव में अपनी निश्चित हार को सामने देखकर पूर्व महापौर बौखलाहट में इस तरह के भ्रामक और तथ्यहीन बयान दे रही हैं। सन्नू सिद्दीकी ने कहा कि मेदिनीनगर नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर—दोनों पदों पर भाजपा के ही प्रतिनिधि चुने गए थे, इसके बावजूद शहर का समुचित विकास नहीं हो सका।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यकाल में न तो शहर की गलियों का सही ढंग से निर्माण हुआ और न ही नालियों की व्यवस्था दुरुस्त की गई। बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी के कारण आम नागरिकों को आज भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि विकास की वास्तविकता गर्मी के मौसम में पानी के टैंकरों के पीछे लगने वाली लंबी कतारों और बरसात के दिनों में घरों व सड़कों पर भरने वाले पानी से साफ झलकती है। नगर निगम के नागरिक समय पर टैक्स का भुगतान करते हैं, लेकिन उस धन का उपयोग जनता की मूलभूत सुविधाओं पर करने में तत्कालीन महापौर पूरी तरह विफल रहीं।

सन्नू सिद्दीकी ने पूर्व महापौर के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे यह स्पष्ट होता है कि उनके कार्यकाल में कोई ठोस और स्थायी विकास कार्य नहीं किया गया। यदि वास्तव में शहर का विकास हुआ होता, तो आज इस तरह के उल-जलूल और भ्रामक बयान देने की नौबत नहीं आती। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम में विकास के नाम पर केवल लूट हुई है और मेदिनीनगर को कई वर्षों पीछे धकेल दिया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में नगर निगम में हुए कार्यों और कथित लूट की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। पूर्व जनप्रतिनिधियों ने केवल अपनी जेबें भरने का काम किया और जनता के साथ विश्वासघात किया है। ईवीएम को लेकर दिए जा रहे बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए सन्नू सिद्दीकी ने कहा कि ईवीएम या बैलेट पेपर से चुनाव कराने का निर्णय चुनाव आयोग का विषय है।

ईवीएम निर्माण करने वाली कंपनी ने नई मशीनें उपलब्ध कराने के लिए लगभग एक वर्ष का समय मांगा है। साथ ही, पुरानी ईवीएम की वैधता समाप्त हो चुकी है और अन्य राज्यों से भी मशीनें उपलब्ध नहीं हो सकीं। ऐसे में चुनाव आयोग ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि जनता को झूठ बोलकर बरगलाने की कोशिश अब बेकार है, क्योंकि जनता पूरी तरह जागरूक हो चुकी है। सन्नू सिद्दीकी ने दावा किया कि भाजपा की पूर्व महापौर आगामी नगर निगम चुनाव में होने वाली हार से भयभीत हैं और इसी कारण निम्न स्तर के बयान दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *