LIVE PALAMU NEWS : शुक्रवार को लोकभवन बिरसा मुंडा मंडप में राजयपाल संतोष गंगवार ने जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक को हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस पद की शपथ दिलवाई। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, हाईकोर्ट के अन्य न्यायाधीश, महाधिवक्ता समेत स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी एवं राज्य सरकार के कई मंत्री मौजूद थें। सभी ने चीफ जस्टिस को बधाई दी।

चीफ जस्टिस के रूप में महेश शरदचंद्र सोनक का कार्यकाल 28 नवंबर 2026 तक रहेगा। उनका ट्रांसफर बांबे हाईकोर्ट से झारखंड में किया गया है। अक्तूबर 1988 में जस्टिस सोनक को महाराष्ट्र एवं गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकित किया गया था। इसके बाद उन्होंने बांबे हाईकोर्ट की पणजी पीठ में सिविल व संवैधानिक कानून, श्रम एवं सेवा कानून, पर्यावरण कानून, वाणिज्यिक एवं कर कानून, कंपनी कानून तथा जनहित याचिकाओं के क्षेत्र में व्यापक प्रैक्टिस की।

विधिक करियर के दौरान वे केंद्र सरकार के लिए अतिरिक्त स्थाई अधिवक्ता, राज्य सरकार के लिए विशेष अधिवक्ता व निगमों के लिए कानूनी सेवाएं दीं। 21 जून 2013 को विधिक दक्षता और अनुभव को देखते हुए उन्हें बांबे हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया।

28 नवंबर 1964 को जन्मे जस्टिस सोनक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गोवा के पणजी स्थित डॉन बॉस्को हाई स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने धेम्पे कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से बीएससी की पढ़ाई की। एमएस कॉलेज ऑफ लॉ, पणजी से प्रथम श्रेणी में एलएलबी की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने जेवियर सेंटर ऑफ हिस्टोरिकल रिसर्च से पुर्तगाली भाषा में डिप्लोमा भी हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *