मेदिनीनगर : शुक्रवार को एसपी की अध्यक्षता में जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी), थाना प्रभारी सहित जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना, अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना तथा लंबित मामलों की समीक्षा करना रहा। पुलिस अधीक्षक द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर गहन चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई तथा शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने पर जोर दिया गया।
वहीं बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई और आम जनता को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी व अफीम/पोस्त की खेती पर सख्त कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा NDPS एक्ट के तहत जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई।
इसके साथ ही आई-रेड एवं पोस्ता विनिष्टीकरण से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा कर कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने एवं जन-जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया। महिला सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने, मामलों में त्वरित कार्रवाई और नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा हत्या, लूट, डकैती, दहेज हत्या, महिला अपराध एवं साइबर अपराध से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक महोदया ने चार वर्ष से अधिक पुराने सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ करने का आह्वान किया।