मेदिनीनगर : नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू), मेदिनीनगर, झारखंड द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित पाँच दिवसीय “युवा महोत्सव” पूरे उत्साह और उमंग के साथ जारी है। यह महोत्सव 17 जनवरी 2026 को अपने समापन पर पहुँचेगा।

सप्ताह की शुरुआत में आरंभ हुए इस आयोजन में विश्वविद्यालय के संबद्ध एवं अंगीकृत महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शुक्रवार को विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एकल एवं समूह गायन, नाट्य प्रस्तुति, एकल एवं समूह नृत्य, लोक एवं जनजातीय कला सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ संपन्न हुईं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सुप्रिया सोनालिका के स्वागत भाषण एवं कुलगीत के साथ हुआ। इसके उपरांत माननीय कुलपति डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। महोत्सव की रूपरेखा डॉ. संगीता कुजुर द्वारा प्रस्तुत की गई।

इस अवसर पर डीएसडब्ल्यू डॉ. एस.के. पांडे एवं कुलपति महोदय ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं का अंतिम चरण शनिवार को विशेषज्ञ निर्णायकों की देखरेख में संपन्न होगा।

इसके पश्चात विजेताओं एवं प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस युवा महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता, नवाचार एवं सांस्कृतिक चेतना का विकास करना है। यह आयोजन केवल स्थापना दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि युवाओं की सृजनशील ऊर्जा को मंच प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

महोत्सव का समापन 17 जनवरी 2026 को भव्य समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण के साथ किया जाएगा, जिसमें विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और उसकी गौरवपूर्ण यात्रा का भी उत्सव मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *