मेदिनीनगर : मेदिनीनगर के पांकी रोड मेडिकल कॉलेज पोखराहा में स्थित डेडिकेटेड प्रीमियर स्कूल में आज वार्षिक समारोह (एनुअल फंक्शन) का भव्य आयोजन किया गया। जहां मुख्य अतिथि के रूप में पलामू रेंज के आईजी शैलेंद्र सिन्हा उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर राज्य स्तरीय दिशा समिति के सदस्य देवेश तिवारी, स्कूल के डायरेक्टर इंजीनियर विनय मेहता, प्रिंसिपल डॉ. स्वेता कुमारी एवं रुद्र शुक्ला मंचासीन रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुई। मुख्य अतिथि आईजी शैलेंद्र सिन्हा एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

वार्षिकोत्सव के दौरान छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। नन्हें बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों तक ने नृत्य, संगीत, नाटक (एक्ट) तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। देशभक्ति, सामाजिक संदेश और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

एक नाटक के माध्यम से शिक्षा के महत्व का संदेश दिया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। समूह नृत्य में बच्चों की तालमेल और रंग-बिरंगी वेशभूषा ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। मुख्य अतिथि आईजी शैलेंद्र सिन्हा ने अपने संबोधन में विद्यालय प्रबंधन और बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों का विकास भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि देवेश तिवारी ने भी बच्चों की प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में इस तरह की शैक्षणिक पहल समाज को नई दिशा देती है।

विद्यालय के डायरेक्टर इंजीनियर विनय मेहता ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। प्रिंसिपल डॉ. स्वेता कुमारी ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। पूरे समारोह में उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा का सुंदर समन्वय देखने को मिला। वार्षिकोत्सव ने न केवल बच्चों को मंच प्रदान किया, बल्कि अभिभावकों को भी विद्यालय की शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से रूबरू कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *