मेदिनीनगर : नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी समीरा एस एवं एसपी रीष्मा रमेशन ने संयुक्त रूप से गणेश अग्रवाल कॉलेज,स्थित वज्रगृह (स्ट्रांग रूम) तथा मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया। इसके पूर्व साइंस ब्लॉक में चल रहे अंतिम पार्टीवार प्रशिक्षण में डीसी ने सभी मतदान कर्मियों को ब्रीफ किया।

इस दौरान उन्होंने सभी से कहा कि आज आप सभी का फाइनल ट्रेनिंग है,ऐसे में कोई भी डाउट हो तो आज ही क्लिर कर लें। इसके पश्चात दोनों पदाधिकारियों द्वारा स्ट्रांग रूम,मतगणना हॉल, सुरक्षा व्यवस्था,कमरों की स्थिति, पार्किंग तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को मतगणना के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने,विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसी क्रम में डीसी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी को वज्रगृह एवं मतगणना केंद्र का नियमित रूप से निरीक्षण करने की बात कही।निरीक्षण के क्रम में कॉलेज परिसर के कमरों, पार्किंग, पेयजल, शौचालय,विद्युत आपूर्ति सहित उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गयी। वहीं डिस्पैच के दिन की जाने वाली तैयारियों का अवलोकन किया गया।

मौके पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन,प्रशिक्षण कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता प्यारेलाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी रतन सिंह,सदर पुलिस उपाधीक्षक,जिला शिक्षा अधीक्षक,सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अजित सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *