मेदिनीनगर : बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) 2026 सह उपायुक्त समीरा एस,पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन,उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने गणेश लाल अग्रवाल कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निकाय वार मतगणना केंद्र का अवलोकन किया।

इस क्रम में उन्होंने संबंधित निर्वाची पदाधिकारी को 27 फरवरी को बगैर पास के किसी को भी काउंटिंग सेंटर पर एंट्री नहीं देने की बात कही। इसके साथ ही सिर्फ उन्हीं वाहनों का एंट्री दिया जायेगा जिसके पास वैध पास हो। उन्होंने मतगणना कर्मियों के खाने-पीने की व्यवस्था पर विशेष बल दिया एवं मतगणना कार्य में लगे कर्मियों के खाने-पीने का आकलन 26 फरवरी की शाम तक कर लेने की बात कही।

उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश का हर हाल में पालन करने के निर्देश दिये। उन्होंने भवन निर्माण के कार्यपालक अभियंता को मतगणना हॉल में समुचित लाइटिंग व पर्याप्त बैरेकेडिंग कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी टेबल पर सभी आवश्यक सामग्री मौजूद रहे,यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम का भी अवलोकन किया।इसी तरह एसपी रीष्मा रमेशन ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा,यातायात,भीड़ प्रबंधन एवं विधि व्यवस्था समेत अन्य विषयों पर जरूरी निर्देश दिया। मौके पर उपरोक्त के अलावे सदर एसडीएम सुलोचना मीणा,नगरपालिका उप निर्वाचन पदाधिकारी रतन सिंह,डीएसपी समेत अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *