मेदिनीनगर : विगत 28 फरवरी को चैनपुर थाना क्षेत्र के चेड़ाबार गांव के पास कोयल नदी किनारे झाड़ियों से एक शव बरामद हुआ था। जिसकी पहचान नावाबाजार थाना क्षेत्र के करचा गांव निवासी युगेश सिंह के रूप में हुई थी, जो चेड़ाबार निवासी तिरधारी सिंह के दामाद थें। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों की पहचान शिवपुजन सिंह उर्फ शिव कुमार सिंह और जय प्रकाश सिंह उर्फ हुड़िया के रूप में हुई है। युगेश की हत्या शराब पीने के दौरान पैसे मांगने को लेकर हुई थी।
मृतक की पत्नी के आवेदन पर कार्रवाई :
दरअसल, मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एसडीपीओ सदर राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि 27 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे चेड़ाबार गांव में बेल के पेड़ के पास बैठकर शराब पीने के दौरान पैसे मांगने को लेकर युगेश सिंह से विवाद हो गया।
हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद :
विवाद बढ़ने पर दोनों ने युगेश को कोयल नदी के पास ले जाकर लोहे के पंच से मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को नदी किनारे झाड़ियों में छिपा दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे का पंच, मृतक का पिट्ठू बैग और जूते बरामद कर लिए हैं।