मेदिनीनगर : पलामू क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को हमेशा सतर्क और सक्रिय रहना आवश्यक है। किसी भी शिकायत या सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित किया जाना चाहिए। आमलोगों की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

डीआईजी, पलामू के शहरी क्षेत्र एवं जिले की सुरक्षा तथा विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने पलामू के सिविल कोर्ट परिसर तथा समाहरणालय स्थित सेंट्रल कंट्रोल रूम/सीसीआर रूम) का निरीक्षण किया।

पुलिस बलों की सतर्कता तथा उपलब्ध संसाधनों की स्थिति की ली विस्तृत जानकारी :

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था, अपने कर्तव्य पालन में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों की सतर्कता तथा उपलब्ध संसाधनों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। डीआईजी के साथ पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन भी थीं।

डीआईजी ने सिविल कोर्ट परिसर एवं उसके बाहरी संरचना का जायजा लिया। कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। कोर्ट के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा बलों की तैनाती, सुरक्षा बलों द्वारा सतर्कता और तत्परता के साथ चेकिंग किये जाने की प्रक्रिया का मुआयना किया।

सतर्कता से जांच सुनिश्चित करें :

उन्होंने तैनात पुलिस बल को कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले लोगों की सतर्कता से जांच सुनिश्चित करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने, कोर्ट परिसर में शांति एवं सुरक्षा के लिए सतर्क रहने और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का सख्त निर्देश दिये।

डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक के साथ समाहरणालय स्थित सेंट्रल कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपराध निगरानी और सूचना प्रबंधन आदि यहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात पुलिस कर्मियों की सतर्कता, उपलब्ध संचार प्रणाली, आपातकालीन सूचना प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम में प्राप्त लाइव फूटेज की स्थिति, उसकी गुणवत्ता, विभिन्न थानों से प्राप्त सूचनाओं का संकलन, फाइलों का रखरखाव और त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया की जानकारी ली।

 

उन्होंने यहां नियुक्त/प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों को किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रक्रिया सुनिश्चित करने तथा सभी थानों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया। शहर की सुरक्षा के लिए लगाये गये सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्राप्त लाइव फूटेज की लगातार मॉनिटरिंग करने, अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करने, रिकॉर्ड्स अद्यतन करते हुए उसका सही से रखरखाव, फाइलों का शीघ्र निष्पादन और पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतते हुए आमजनों को सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *