मेदिनीनगर : शुक्रवार की रात जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत तुकबेरा गांव में करंट लगने से बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय नागेंद्र पासवान के रूप में हुई है। दरअसल, 33 हजार बिजली लाइन ठीक करने के दौरान खंभे में करंट आने से नागेंद्र गिर गए और उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम तेज आंधी और बारिश के कारण पाटन मोड़ के पास 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन में फॉल्ट आ गया था। जिससे तुकबेरा-पाटन इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। वहीं नागेंद्र बिजली लाइन की मरम्मत करने गए थें। बताया जा रहा है कि मरम्मत शुरू करने से पहले ग्रिड से शटडाउन लिया गया था, लेकिन कार्य के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। जिसकी वजह से लाइन में अचानक करंट दौड़ गया, जिससे उन्हें जोरदार झटका लगा और वे बिजली के खंभे से नीचे गिर गए। ऊंचाई से गिरने की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।