CRIME NEWS/गढ़वा : शनिवार (बीते कल) जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी। दरअसल, 28 मार्च को एक युवक ने नरखोरिया कलां निवासी 51 वर्षीय उमेश मेहता को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले में नगर उंटारी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी संदीप कुमार सिंह (26) बोकारो निवासी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, जिंदा गोली और खोखा बरामद किया है।
जांच में पता चला कि आरोपी का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। इसी बीच युवती की शादी उमेश मेहता के बेटे से तय हो गई थी। आरोपी और युवती ने शादी रुकवाने के उद्देश्य से मिलकर साजिश रची और इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में युवती को भी हिरासत में लिया है। इधर घायल उमेश मेहता का इलाज जारी है।