CRIME NEWS/मेदिनीनगर : शहर थाना क्षेत्र के सुदना, (पटेल नगर) से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, एक साल पहले हुई अपनी पत्नी की संदिग्ध मौत (दहेज हत्या) के आरोपी पति ने अपने ससुराल में घुसकर न केवल मारपीट की, बल्कि केस वापस न लेने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी भी दी है।
क्या है मामला :
शिकायतकर्ता लवली कुमारी ने बताया कि उनकी बड़ी दीदी की मृत्यु 9 सितंबर 2024 को पलवल (हरियाणा) में उनके ससुराल में हो गई थी। इस मामले में पति प्रेम सोनी और सास लीला देवी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने (धारा 80, 85, 3(5)) के तहत मामला दर्ज है। आरोपी सास करीब डेढ़ साल जेल में रहने के बाद हाल ही में जमानत पर बाहर आई है।
इसी दौरान 29 मार्च 2026 की शाम करीब 4:30 बजे वह अपने घर में चल रहे मरम्मत कार्य की देखरेख कर रही थीं, तभी उनके जीजा प्रेम सोनी (पिता- स्व. हरिपुर धौडा, धनबाद) ने घर में घुसकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि प्रेम सोनी ने धमकी देते हुए कहा, “एक को तो खत्म कर ही दिया है, अब तुम लोगों की बारी है।” उसने लवली के साथ बदसलूकी और मारपीट की। जब उसका भाई बीच-बचाव करने आया, तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे दोनों को काफी चोटें आई हैं।
बच्चों को वापस देने का बना रहा दबाव :
लवली ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि दीदी की मौत के बाद उनके दोनों बच्चे (आयुष सोनी और पीयूष सोनी) अपने नाना-नानी के पास रह रहे हैं। आरोपी अब जबरन बच्चों को ले जाने और केस में समझौता (राजीनामा) करने का दबाव बना रहा है। उसने धमकी दी है कि यदि केस वापस नहीं लिया, तो वह पूरे परिवार को मार डालेगा।
पीड़ित परिवार ने शहर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। परिवार का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है और उन्हें डरा-धमका रहा है, जिससे वे सभी गहरे खौफ में हैं।
