लातेहार : लातेहार जिला स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिनांक 04 अप्रैल 2026 को जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर “Run for Latehar” कार्यक्रम, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक कार्यक्रमों के साथ जिले की समृद्ध विरासत और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा।

जिला अपने गौरवशाली 25 वर्ष पूर्ण कर रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने एवं जन-भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के सभी अधिसूचित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर “Run for Latehar” का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी प्रखंड अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत प्रमुख पर्यटन स्थलों में दौड़ का आयोजन करेंगे । साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, खिलाड़ियों, युवाओं एवं स्कूली छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित किया गया है।


दौड़ के दौरान सुरक्षा एवं चिकित्सा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे । मार्ग पर प्राथमिक उपचार (First Aid) हेतु एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के दौरान एवं पश्चात पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

जिला प्रशासन, लातेहार द्वारा जिले के अंतर्गत अधिसूचित पर्यटन स्थलों की श्रेणीवार सूची जारी कर दी गई है। इन पर्यटन स्थलों को उनके महत्व के आधार पर चार श्रेणियों—अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय एवं स्थानीय महत्व—में वर्गीकृत किया गया है।

अंतरराष्ट्रीय महत्व (A श्रेणी) के अंतर्गत नेतरहाट (महुआडांड़), बेतला नेशनल पार्क (बरवाडीह) एवं भेडिया अभयारण्य (महुआडांड़) को शामिल किया गया है।
राष्ट्रीय महत्व (B श्रेणी) में सुग्गा बांध जलप्रपात (गारू), मिरचइया जलप्रपात (गारू), लोध जलप्रपात (महुआडांड़) एवं केचकी संगम (बरवाडीह) को स्थान दिया गया है।
राज्य स्तरीय महत्व (C श्रेणी) में मां उग्रतारा देवी मंदिर (चंदवा), कांति झरना (चंदवा), द्वादषी घाटी व्यू प्वाईंट (हेनार फोरेस्ट), गारु , तापा पहाड़ (लातेहार) एवं ललमटिया डैम (लातेहार) को शामिल किया गया है।

स्थानीय महत्व (D श्रेणी) के अंतर्गत कई प्रमुख स्थल शामिल हैं, जिनमें ततहा पानी (बरवाडीह), कमलदाहा झील (बरवाडीह), डाटम-पाटम झरना (हेरहंज), सुर्कई घाघरी जलप्रपात, महुआडाँड़ , केन्द्रा घाघ जलप्रपात, महुआडांड़, नारायणपुर किला (लातेहार), तुबेद गुफा (लातेहार), इन्द्र दावान झरना (लातेहार), मुन बाबा मंदिर (लातेहार), पहाड़ी मंदिर (बरवाडीह), ततहा पानी (लातेहार), उदयपुर कोना पहाड़ी (लातेहार) एवं इटको बांध (मोहर/प्रवासी पक्षियों का आश्रय स्थल) शामिल हैं।

लातेहार जिला स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिनांक 04 अप्रैल 2026 को जिला प्रशासन द्वारा जिला खेल स्टेडियम, लातेहार में संध्या 6:00 बजे से सांस्कृतिक एवं पारंपरिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध इंडियन रोलर बैंड द्वारा आकर्षक प्रस्तुति दी जाएगी।

इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में ट्राइबल फूड फेस्टिवल, छऊ नृत्य (Chhau Nritya) तथा ट्राइबल फैशन शो जैसे विविध आकर्षण शामिल रहेंगे, जो स्थानीय संस्कृति और परंपराओं की झलक प्रस्तुत करेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में आम नागरिकों के लिए नि:शुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई है। आयोजन का उद्देश्य जिले की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देना एवं जिलेवासियों के बीच एकता एवं उत्साह का संचार करना है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने एवं लातेहार के 25 वर्षों की इस गौरवपूर्ण यात्रा का हिस्सा बनने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *