मेदिनीनगर:  विगत नौ सालों से कपड़ा बैंक मेदिनीनगर अपनी सेवाएं दे रहा है । यह बैंक सक्षम और जरूरतमंद लोगों के बीच एक कड़ी का काम करता है। संपन्न लोग इस बैंक को नए ,पुराने कपड़े डोनेट करते हैं। जिसे वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट की सचिव शर्मिला वर्मा और उनकी टीम सालोंभर स्थानीय स्तर पर और ठंड के दिनों में सुदूरवर्ती गांव तक लोगों के बीच पहुंचाती है।

इतना ही नहीं इस बैंक द्वारा समय समय पर जरूरतमंद छात्रों के बीच मुफ्त कॉपी, सामान्य ज्ञान की पुस्तकें, पेंसिल, पेन, कट्टर, इरेजर, कलर वगैरह वितरित किए जाते हैं। कई मिडिल क्लास फैमिली के छात्र स्कूल यूनिफार्म के लिए भी कपड़ा बैंक से संपर्क करते हैं और यहां से यूनिफार्म लेकर अपने परिवार का आर्थिक बोझ कम करते हैं। पलामू में दिसंबर, जनवरी की कंपकंपाती ठंड जब खुले में रहने वालों के लिए अभिशाप बनकर आती है तब वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट की ईकाई कपड़ा बैंक उनके लिए वरदान साबित होती है ।

इसी क्रम में आज सुबह कपड़ा बैंक द्वारा , बंदुआ, पथरा, कोसियारा, शिवपूर आदि गांवों से आए लोगों के बीच भरपूर कपड़ों का वितरण किया गया । यह सिलसिला लगातार चलता ही रहता है और इस बैंक से लाखों लोग अब तक लाभ प्राप्त कर चुके हैं । गर्मियों में इनके द्वारा रिक्शा चालकों और राहगीरों को गमछा और चप्पल देकर भी राहत प्रदान की जाती है।

सक्षम लोगों से यह टीम अपील करती है कि आपके घर में जो भी वस्त्र आपके इस्तेमाल में न हों लेकिन अच्छी हालत में हों उन्हें साफ सुथरा करके हम तक पहुंचाएं। हम उन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाएंगें और पुण्य के भागी आप बनेंगें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *