लातेहार: भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित फील्ड ट्रेनरों के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम (11 अप्रैल 2026 से 13 अप्रैल 2026 तक) के दूसरे दिन का प्रशिक्षण आज डीआरडीबी सभागार में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन अपर समाहर्ता रामा रविदास की उपस्थिति में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को डाटा संग्रहण की प्रक्रिया, प्रपत्रों के सही भराव, डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा जनगणना कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उपायों पर विशेष रूप से मार्गदर्शन दिया गया।
अपर समाहर्ता ने प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को जनगणना कार्य की महत्ता बताते हुए इसे अत्यंत जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ संपन्न करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े ही भविष्य की योजनाओं के निर्माण का आधार होते हैं।
इस अवसर पर डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, जिला योजना पदाधिकारी समीर कुल्लू, प्रशिक्षक सन्नी आनंद, सांख्यिकी अन्वेषक, जनगणना कार्य निदेशालय झारखंड रांची, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, एवं फील्ड ट्रेनर उपस्थित थे।