मेदिनीनगर : पांकी थाना क्षेत्र से दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां गढ़गांव पुलिया के समीप 11 हजार हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से बारात में जा रहे चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
क्या है मामला :
बताया जा रहा है कि पाटन थाना क्षेत्र के मालगाड़ा गांव से एक बस में सवार होकर बाराती रिमी रामपुर, लावालौंग जा रहे थे। इसी दौरान पांकी थाना क्षेत्र के गढ़गांव पुलिया के पास सड़क पर झूल रहे 11 हजार वोल्ट बिजली तार से बस सट गई। जिससे बस की छत पर बैठे चारों युवक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान प्रमोद कुमार यादव, राजेश कुमार, रंजन कुमार यादव एवं बिनोद कुमार यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पांकी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच रेफर कर दिया।