लाइव पलामू न्यूज/रांची: बुधवार को धनबाद एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुमका में पदस्थापित पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता संजय कुमार को उनके रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित बसंत विहार कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया है। बताते चलें कि संजय कुमार दुमका में पदस्थापित है। वह अपने घर रांची आये थे तभी एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। संजय के खिलाफ धनबाद एसीबी में 2/18 प्राथमिकी दर्ज है। संजय पर गिरीडीह के तत्कालीन ईई रहते हुए चापानल, डीप बोरिंग और शौचालय का काम देने की एवज में लाखों रुपए कमीशन लेने के आरोप हैं। धनबाद के गोविंदपुर और निरसा प्रखंड की पंचायतों में वित्त वर्ष 2011-12, 2012-13 और 2013-14 में लगाये गये नलकूपों की जांच तकनीकी परीक्षक कोषांग से करवाए जाने पर करीब दो करोड़ से अधिक राशि के गबन का मामला प्रकाश में आया था। जांच में यह भी पाया गया कि ठेकेदारों ने साधारण चापानल, विशेष मरम्मत चापानल, उच्च प्रवाही नलकूप, फोर्स एंड लिफ्ट एवं स्वजल धारा योजना अंतर्गत कई स्थानों पर निर्माण कार्य नहीं कराया। इतना ही नहीं नये चापानल और विशेष मरम्मत चापानल के पास चाताल और नाला के अलावा शॉकपिट का निर्माण भी ठेकेदारों ने नहीं किया और अभियंताओं की मिलीभगत से बिना निर्माण करवाए मापी पुस्तिका तैयार कर फाइल बिल तैयार कर ठेकेदारों को राशि का भुगतान कर दिया गया। जांच में इन लोगों की भूमिका सामने आने पर एसीबी ने संबंधित लोगों के खिलाफ विभाग से प्राथमिकी दर्ज कर यह कार्रवाई की है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *