लाइव पलामू न्यूज: बुधवार देर रात उद्योगपति रतन टाटा का निधन हो गया। गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इधर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि रतन टाटा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को देर रात ही अस्पताल से कोलाबा स्थित उनके घर ले जाया गया था। गुरुवार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक साउथ मुंबई के नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स के हॉल में लोगों के दर्शनार्थ पार्थिव शरीर रखा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि रतन टाटा ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। काफी समय से वे उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। बीती रात हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल की इंटेसिव केयर यूनिट में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। आज शाम उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। रतन टाटा के निधन की जानकारी सबसे पहले उद्योगपति हर्ष गोयनका ने दी थी। उन्होंने अपने X हैंडल पर लिखा कि आज घड़ी की टिक-टिक बंद हो गई। बिजनेस टाइटन नहीं रहे। रतन टाटा ईमानदारी, नैतिक नेतृत्व और परोपकार के प्रतीक थे।
तत्पश्चात टाटा ग्रुप के चेयरमैन चंद्रशेखर ने X हैंडल पर ट्वीट लिखकर खबर की पुष्टि करते हुए लिखा कि आज टाटा ग्रुप को अत्यंत भारी क्षति पहुंची। ग्रुप के लिए रतन टाटा एक चेयरपर्सन से कहीं ज्यादा थे। वे मेरे गुरु, मार्गदर्शक और दोस्त थे।
इसके बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उद्योगपति मुकेश अंबानी अस्पताल पहुंचे। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करके रतन टाटा के निधन पर शोक जताया।
बता दें कि रतन टाटा को 7 अक्टूबर को भी अस्पताल में भर्ती हुए थें। उस रात भी उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल की इंटेंसिव केयर यूनिट में भर्ती किए जाने और उनकी हालत नाजुक होने की खबर सामने आई थी। लेकिन उन्होंने खबर का खंडन करते हुए ट्वीट किया कि वे बिल्कुल ठीक हैं। रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल आए हैं।