लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: विधान सभा चुनाव की सरगर्मी दिनोंदिन बढ़ती ही जा रही है ,सभी दल अपने अपने स्तर से चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। वहीं एक सामाजिक संस्था होने के नाते वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट हर क्षेत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाता है। जहां पिछली बार लोकसभा चुनाव में ट्रस्ट ने गांव गांव जाकर लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया था। अब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संस्था लोगों में मतदान के प्रति जागरूकता फैला रही है।

इसी क्रम में शनिवार को संस्था गिरिवर स्कूल (+ 2 ) के बच्चों के बीच पहुंची। जहां टीम ने भावी वोटर्स को यह जिम्मेदारी दी कि वे सभी अपने अपने अभिभावकों को वोटिंग करने के लिए प्रेरित करें और यह सुनिश्चित करें कि परिवार का जो भी सदस्य 18 साल या इससे ऊपर का है वो उस दिन सारे काम छोड़कर पहले वोट देने जाए।

मौके पर संस्था की सचिव शर्मिला वर्मा ने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के निर्माण में हर व्यक्ति को अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की जरूरत है। हम सभी को अपनी मनपसंद सरकार चुनने का हक है ।इसलिए सिर्फ घर में बैठकर दोषारोपण करने से ज्यादा जरूरी है अपने मताधिकार का प्रयोग करना। मौके पर मयूरेश द्विवेदी ने वोटिंग के इतिहास की जानकारी बच्चों को देते हुए बताया कि मतदान क्यों जरूरी है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता और इस टीम के संरक्षक पंकज लोचन ने मतदान के लिए हर व्यक्ति को प्रेरित करने की बात कही।खासकर उन्हें जरूर प्रेरित करें जो वोटिंग के प्रति उदासीन रहते हैं।

लक्ष्य श्रेष्ठ ने सभी बच्चों से अपील की कि 18 साल का होने पर एक एहसास होता हे कि हम बालिग हो गए उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण यह एहसास है कि हम वोट देने के लायक हो गए और देश निर्माण में हमारी भी भागीदारी है। अंत में राखी सोनी ने मतदान के लिए सरकार द्वारा जारी शपथ-पत्र पढ़कर सभी शिक्षकों और व्यस्क छात्रों को मतदान करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कई शिक्षक और प्राचार्य नीरज कुमार द्विवेदी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *