लाइव पलामू न्यूज: आगामी 1 दिसंबर से कोरोना काल से बंद बरवाडीह चोपन चुनार पैसेंजर ट्रेन का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। पलामू सांसद बीडी राम द्वारा 1 दिसम्बर को डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इसका परिचालन प्रारम्भ कराया जाएगा।रेलवे बोर्ड ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। बताते चलें कि बरवाडीह चोपन चुनार पैसेंजर ट्रेन का परिचालन शुरू कराने के लिए सांसद बीडी राम निरंतर सक्रिय थें। उन्होंने लोकसभा में नियम 377 एवं शून्य काल के तहत मामले को लगातार उठाया एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर तथा व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर इसकी मांग की थी।

कोविड-19 के दौरान बरवाडीह चोपन चुनार पैसेंजर ट्रेन का परिचालन बंद करने से पलामू-गढवा जिले के लगभग 11 रेलवे स्टेशनों क्रमशः नगर उंटारी, रमना, मेराल, गढ़वा, गढ़वा रोड़, तोलरा, लालगढ़ बिहार, रजहारा, कजरी, डालटनगंज एवं चियांकी के यात्रियों को आवागमन में काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा था।