लाइव पलामू न्यूज: हाल के दिनों में उग्रवादियों ने चाईबासा जिले के गुदड़ी और गोइलकेरा इलाके में जमकर कत्ल-ए- आम मचाया था। अब इन हत्याओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने उग्रवादियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। करीब 100 गांवों के 15,000 से अधिक ग्रामीण तीर-धनुष, तलवार और पारंपरिक हथियारों के साथ सड़कों पर उतर आए हैं। विगत चार दिनों से ग्रामीण “ऑपरेशन सेंदरा” चला रहे हैं, जिसके तहत वे उग्रवादियों का खात्मा करने के लिए 40 किलोमीटर के पहाड़ी इलाके में अभियान चला रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि ग्रामीणों ने PLFI के ग्रुप लीडर मोटा टाइगर को पहले ही मार गिराया था। जिसके बाद बीते कल यानी रविवार को मोटा टाइगर के सहयोगी गोमिया को भी गुदड़ी में घेरकर मौत के घाट उतार दिया गया। हालांकि, घटनाओं की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। बताते चलें कि 24 नवंबर को गुदड़ी के गिरू गांव में रवि तांती और खूंटी निवासी सनसा टोपनो की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई थी।
वहीं परिवार के अन्य सदस्यों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचायी थी। इस मामले में पुलिस ने PLFI कमांडर मोटा टाइगर और गोमिया पर हत्या और उग्रवादी हिंसा का केस दर्ज किया था। इसके तीन दिन बाद, 27 नवंबर की शाम को गोइलकेरा के भरडीहा बाजार में अज्ञात अपराधियों ने सेरेंगदा गांव के युवक नमन लोमगा की पीट-पीटकर हत्या कर दिया। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने सामूहिक आंदोलन छेड़ दिया।