लाइव पलामू न्यूज: उफ़! बहुत बेरहम है यह दुनिया मां! और लड़कियों के लिए तो और भी बेरहम। मेरा भी तो कसूर इतना ही था न, कि मैं लड़की थी। अभी तो मैंने जीना शुरू ही किया था। शायद यही अंतिम शब्द रहे होंगे उस मासूम के। 8 दिन के जद्दोजहद के बाद अंततः उसने इस बेरहम दुनिया को अलविदा कह दिया। हम बात कर रहे उस मासूम 10 वर्षीय बच्ची की जिसे पड़ोसी ने अपनी हवस का शिकार बनाया था।

Birla Open minds international school Daltonganj

दरअसल 16 दिसंबर 2024 को गुजरात के भरूच जिले के झगड़िया में 10 साल की बच्ची का अपहरण कर पड़ोसी ने उसके साथ दरिंदगी की थी। दुष्कर्म का शिकार हुई बच्ची की अस्पताल में इलाज के आठवें दिन मौत हो गई‌। बच्ची को इलाज के लिए पहले भरूच अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि, बच्ची की तबीयत बेहद नाजुक होने के कारण उसे आगे के इलाज के लिए वडोदरा के सयाजी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया था।

बताया जा रहा है कि दुष्कर्म पीड़िता की हालत बेहद गंभीर थी और इन 8 दिनों में उसे कभी होश नहीं आया। वहीं सोमवार को तीन घंटे के अंदर दो कार्डियक अरेस्ट के कारण मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस संबंध में अधिकारियों ने बताया कि सयाजी अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में बच्ची का इलाज चल रहा था। लेकिन सोमवार की दोपहर 2 बजे बच्ची को कार्डियक अरेस्ट हुआ। फिर शाम 5.15 बजे दोबारा कार्डियक अरेस्ट हुआ, जिसके कारण उसका निधन हो गया। बताया जा रहा है बच्ची के पूरे शरीर में संक्रमण फैल गया था, जिसके कारण शरीर के कई अंग भी काम करना बंद कर दिए थे। इससे कार्डियक अरेस्ट भी हो सकता है।

विशेषज्ञ डॉक्टरों के मुताबिक शरीर में फैले संक्रमण और बच्ची की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही सारा इलाज किया गया। बच्ची का वजन और रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण उस पर दवाओं का असर नहीं हो रहा था। इस वजह से उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। इसके कारण सर्जरी में भी काफी दिक्कतें आईं और दो सर्जरी के बाद भी लड़की की हालत काफी गंभीर थी।

वहीं बच्ची के निधन के बाद गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष और सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने दुख जताते हुए एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर लिखा, “बहुत दुखद खबर, गुजरात के झगडिया में एक छोटी लड़की के साथ दुष्कर्म किया गया और उसे वडोदरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका निधन हो गया। उस नन्ही परी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *