लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: जिले से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां 2 महिला समेत 4 पंचायत समिति सदस्यों का अपहरण हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के धनवार क्षेत्र से कर लिया गया। यह मामला कांडी प्रखंड प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव से ठीक पहले घटित हुई है। पलामू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झारखंड-बंगाल की सीमा से सभी को 48 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने सभी को झारखंड-बंगाल की सीमा पर स्थित धनबाद के मैथन के पास से बरामद किया।

दरअसल, 6 जनवरी 2025 की शाम 4 बजे के आसपास अज्ञात लोगों ने पंचायत समिति सदस्य अभिनंदन शर्मा समेत 4 लोगों का अपहरण कर लिया। जिसमें 2 महिलाएं भी शामिल थीं। मामले में हुसैनाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया। घटना की सूचना पर पलामू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 जनवरी की रात धनबाद के निरसा और पश्चिम बंगाल सीमा के पास के एक होटल से पंचायत समिति सदस्य अभिनंदन शर्मा, 2 महिला पंचायत समिति सदस्य समेत सभी 4 पंचायत समिति सदस्यों को सकुशल बरामद कर लिया।
बताया जा रहा है कि कांडी प्रखंड के सत्येंद्र पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय को हटाने के लिए पंचायत समिति सदस्य अभिनंदन शर्मा ने उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था। जिसके बाद में कांडी के 4 पंचायत समिति सदस्य बिहार घूमने गये। इसी क्रम में अपराधियों ने उनका अपहरण कर बंगाल की ओर ले गये। मामले में लव कुश कुमार ने 7 जनवरी को हुसैनाबाद थाना में कांडी के प्रमुख सत्येंद्र पांडेय, मुन्ना ठाकुर, चंदन कुमार ठाकुर और 4 अन्य अज्ञात लोगों पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई।
इस संबंध में हुसैनाबाद थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि 7 जनवरी को अपहरण का मामला दर्ज करवाया गया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर सभी लोगों को सकुशल बरामद कर लिया।