लाइव पलामू न्यूज/लातेहार: बुधवार को लातेहार पुलिस ने कुख्यात अपराधी राहुल सिंह के सात गुर्गों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार सभी अपराधी राहुल सिंह गैंग के लिए रंगदारी, लेवी वसूली और अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का काम करते थें। उक्त आशय की जानकारी एसपी कुमार गौरव ने प्रेसवार्ता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि इन अपराधियों ने इलाके में कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि सभी अपराधी चंदवा थाना क्षेत्र के चिरो मोड़ के पास जमा हुए हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

सूचना के आलोक में डीएसपी अरविंद कुमार और पुलिस इंस्पेक्टर रणधीर कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर छापा मारकर सात अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान जगदीश सिंह, बबलू सिंह, मनोज सिंह, दीपक सिंह, गणेश यादव, रॉकी कुमार और अशोक लोहरा के रूप में हुई है। सभी चंदवा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने उनके पास से 7.65 एम एम का एक देसी पिस्टल, चार जिंदा गोली समेत अन्य सामान बरामद किए हैं।

बताते चलें कि 10 जनवरी को चंदवा थाना क्षेत्र के लतदाग गांव के पास फोरलेन सड़क निर्माण कार्य के साइडिंग पर फायरिंग में इन्हीं लोगों का हाथ था। इलाके के कई कारोबारियों को इन अपराधियों ने रंगदारी के लिए धमकी भी दी थी। छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार, चंदवा थाना प्रभारी रणधीर कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक सरवन कुमार, एएसआई सरोज कुमार सिंह, कुमार छत्रपाल व सेट-44 व चंदवा थाना के जवान शामिल थें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *