लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां शनिवार की दोपहर करीब 2 बजे एक वृद्ध बकरी चराने के क्रम में बम की चपेट में आ गये। जिससे उनके हाथ की तीन उंगलियां बुरी तरह ज़ख़्मी हो गईं। शनिवार की शाम उन्हें छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया जहां से प्राथमिक चिकित्सा के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया है । घायल की पहचान नौडीहा थाना क्षेत्र के रिसियप्पा गांव के जगदीश बैठा (60 वर्ष) के रूप में हुई है।

समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई की सूचना नहीं थी। बताया जा रहा है कि जगदीश अपने गांव से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर अवस्थित गोड़कट्टा जंगल में बकरी चराने गये थे। इसी दौरान वे एक पत्थर पर बैठे और पत्थर पर हाथ रखा। उक्त पत्थर पलाश के पत्तों से ढंका हुआ था । हाथ रखने के बाद वहां जोरदार ब्लास्ट हुआ और उनका दाहिना हाथ पूरी तरह जख्मी हो गया।
बताते चलें कि सूअर और अन्य जंगली जीवों के शिकार के लिए ग्रामीणों ने जंगल में जहां तहां बम लगा रखा है। नाम न छापने की शर्त पर एक ग्रामीण ने बताया कि सुदूरवर्ती इलाके के ऐसे जंगलों में कहां पर कितने बम बिछाये गये हैं, किसी को नहीं पता होता। इन जंगलों में अक्सर ही बम ब्लास्ट होते रहते हैं। इन बमों की जद में केवल जंगली जीव ही नहीं वरन घरेलू जीव और ग्रामीण भी आ जाते हैं । पुलिस तक मामला न पहुंच इसलिए घायलों का इलाज ग्रामीण चिकित्सकों से ही करवा लिया जाता है। लेकिन इस बार गंभीर स्थिति को देखते हुए घायल को अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया।